Bokaro: एक तरफ शहर में बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की जमीन पर अतिक्रमण कर जगह-जगह बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। इनमें कई पर खुलेआम तंबाकू उत्पादों का प्रचार हो रहा है। दूसरी तरफ बीएसएल प्रबंधन अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच तंबाकू के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर तंबाकू मुक्त समाज का संदेश देने वाला बीएसएल प्रबंधन अपनी ही जमीन पर तंबाकू उत्पादों के प्रचार को लेकर इतना उदासीन क्यों है ?
शहर में कदम रखते ही दिखता है तंबाकू का प्रचार
शहर में प्रवेश करते ही नया मोड़ के पास सबसे बड़े विज्ञापनों में से एक तम्बाकू कंपनी का होर्डिंग नजर आता है। एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते पर भी तंबाकू उत्पादों का प्रचार करने वाले बैनर और होर्डिंग लगे हुए हैं। कई और जगह बीएसएल की जमीन पर ऐसे विज्ञापन लगे हुए बताए जाते हैं। शहर की सड़कों के किनारे इस तरह के अवैध विज्ञापन कारोबार खूब फल-फूल रहे हैं। होर्डिंग लगाने वाले, कंपनियों से मोटी रकम वसूल रहे है, लेकिन यह राशि बीएसएल के राजस्व खाते में जाती है या नहीं, इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अवैध होर्डिंग पर चुप्पी, जागरूकता अभियान में सक्रियता
विडंबना देखिए कि जिस तंबाकू के प्रचार पर रोक और नियंत्रण की जरूरत है, उसी के खिलाफ बीएसएल प्रबंधन अब जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। शुक्रवार को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे 60 दिवसीय ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के अंतर्गत अधिशासी निदेशक (संकार्य) के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य संयंत्रकर्मियों और युवाओं को तंबाकू सेवन के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराना था।
विशेषज्ञों ने बताए तंबाकू के जानलेवा दुष्परिणाम
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दूरगामी प्रभावों की जानकारी दी। छाती रोग विशेषज्ञ ने फेफड़ों और श्वसन तंत्र पर तंबाकू के दुष्प्रभावों को रेखांकित किया, जबकि ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन ने मुख संबंधी गंभीर बीमारियों के खतरों से आगाह किया। मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (टेक्निकल सेल) ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू मुक्त जीवन के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
नाटक के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने जागरूकता नाटक प्रस्तुत कर तंबाकू की लत से होने वाले नुकसान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को तंबाकू का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए बोकारो जनरल अस्पताल के कक्ष संख्या-9 में निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एनआरटी) और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
अब प्रबंधन से उठ रहे ये सवाल
बीएसएल का तंबाकू मुक्त युवा अभियान निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन जागरूकता का संदेश तभी प्रभावी होगा, जब वह जमीन पर भी दिखाई दे। एक ओर कर्मचारियों और युवाओं को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई जा रही है, तो दूसरी ओर शहर में बीएसएल की जमीन पर तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन खुलेआम नजर आ रहे हैं। आखिर इन होर्डिंग की अनुमति किसने दी ? क्या इनके लिए बीएसएल को विज्ञापन शुल्क मिल रहा है ? यदि ये अवैध हैं, तो इन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं हो रही ? प्रबंधन को इन सवालों का जवाब देने के साथ अपनी जमीन से ऐसे विज्ञापनों को हटाने की पहल भी करनी चाहिए।
