Bokaro: बोकारो जिले के ललपनिया थाना क्षेत्र स्थित कोचा कुल्ही में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध विदेशी शराब निर्माण और भंडारण के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में करीब 1,275 लीटर तैयार अवैध शराब और 420 लीटर स्पिरिट समेत कुल 1,695 लीटर सामग्री जब्त की गई।
पक्के मकान में चल रहा था नकली शराब का कारोबार
उत्पाद विभाग की टीम ने निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में तेनुघाट अंचल के अवर निरीक्षक जॉय हेंब्रम और ललपनिया थाना प्रभारी जय प्रकाश एक्का के सहयोग से भगीरथ साव, प्रकाश साव एवं मदन साव के पक्के मकान में छापेमारी की। टीम को देखकर मौके पर मौजूद सभी संबंधित व्यक्ति फरार हो गए। इसके बाद मकान की तलाशी ली गई।

कई नामी ब्रांड के नाम पर तैयार हो रही थी नकली शराब
तलाशी के दौरान मैकडॉवेल्स नंबर-1, आइकॉनिक, बी-7 और रेड कारपेट समेत विभिन्न ब्रांडों के नाम पर पैक की गई शराब मिली। मकान से करीब 900 लीटर पैक शराब, 375 लीटर बिना लेबल वाली शराब और 420 लीटर स्पिरिट बरामद हुई।
बोतल, ढक्कन और पंचिंग मशीन भी जब्त
छापेमारी में भारी मात्रा में खाली बोतलें, स्टीकर, ढक्कन, खाली कार्टून और दो पंचिंग मशीन भी जब्त की गईं। इसके अलावा एक होंडा साइन मोटरसाइकिल और मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद हुआ।
आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
उत्पाद विभाग ने सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
