Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) की टीम ने प्रतिष्ठित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कलकत्ता (IIM Calcutta) द्वारा आयोजित ‘लैटिस 2026’ के तहत ‘बिजाथॉन क्विज’ में प्रथम उपविजेता का खिताब हासिल किया। टीम ने त्वरित निर्णय क्षमता, व्यावसायिक समझ, रणनीतिक सोच और उत्कृष्ट टीमवर्क का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। 12 सितंबर 2026 को आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों और बिजनेस स्कूलों की 50 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया।

एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा और आनंद राज ने किया BSL का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता में BSL का प्रतिनिधित्व सहायक महाप्रबंधक (गैस यूटिलिटीज) एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा और सहायक महाप्रबंधक (पीपीसी एवं एससी) आनंद राज ने किया। प्रारंभिक चरण में देशभर से आई टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। चुनौतीपूर्ण प्रीलिम्स राउंड के बाद केवल आठ सर्वश्रेष्ठ टीमों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई, जिसमें BSL की टीम भी शामिल रही।
ग्रैंड फिनाले में रणनीति और त्वरित सोच का प्रदर्शन
ग्रैंड फिनाले में BSL टीम ने आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी त्वरित सोच और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया। टीम ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर प्रथम उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।

HCL बनी विजेता, IIM कलकत्ता तीसरे स्थान पर
प्रतियोगिता में HCL की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि IIM कलकत्ता की टीम तीसरे स्थान पर रही। BSL की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रबंधन ने एस. डब्ल्यू. किस्पोट्टा और आनंद राज को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
