Bokaro: जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों ने मोती और अंधविश्वास का सहारा लेकर एक महिला से सोने की चेन और कान की बालियां ठग लीं। हालांकि महिला के शोर मचाने और परिजनों के पीछा करने से एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 13 सितंबर की दोपहर की है। जैना पंचायत निवासी लालचंद महतो की फुआ सुमिता देवी उस समय उनके घर आई हुई थीं। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे। दोनों ने मोती जैसा एक पत्थर दिखाते हुए दावा किया कि इसे धारण करने से घर का दोष, बीमारी और दुख समाप्त हो जाएगा तथा धन की प्राप्ति होगी।
आंख बंद करने को कहा, गहने लेकर भागे
ठगों ने सुमिता देवी से कहा कि उनके ऊपर माता का दुष्प्रभाव है और उसे दूर करने के लिए उन्हें अपनी गले की चेन और कान के टॉप्स जमीन पर रखने होंगे। इसके बाद आंखें बंद कर ‘ॐ’ का उच्चारण करने को कहा गया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि एक मिनट में माता के दर्शन होंगे और मोती उन्हें मुफ्त में दे दिया जाएगा। महिला के आंख बंद करते ही दोनों आरोपी चेन और कान के टॉप्स उठाकर भागने लगे। सुमिता देवी ने शोर मचाते हुए अपने भतीजे लालचंद महतो को इसकी जानकारी दी।

जैनामोड़ शराब दुकान के पास पकड़ा गया आरोपी
लालचंद ने पीछा कर जैनामोड़ स्थित शराब दुकान के पास बाइक पर पीछे बैठे एक आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान दूसरा आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता थाना क्षेत्र के कुतुबपुर निवासी करीब 44 वर्षीय इस्लाम के रूप में हुई। पूछताछ में उसने फरार आरोपियों के नाम असगर अली, आबिद, अख्तर अली और आजाद उर्फ गेंडा उर्फ एजाज बताए। घटना की सूचना जरीडीह पुलिस को दी गई और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
चेन, टॉप्स और मोती बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार इस्लाम के पास से एक सोने जैसी दिखने वाली पतली चेन, एक जोड़ी कान के टॉप्स और सफेद डिब्बे में रखा सफेद रंग का मोती बरामद किया है। मामले में जरीडीह थाना कांड संख्या दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर कोतवाली थाना में वर्ष 2024 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इसके अलावा दुमका टाउन थाना में वर्ष 2026 के दो मामले और चास थाना में 8 सितंबर 2026 को ठगी से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
