Bokaro: पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार की सुबह संत जेवियर स्कूल, बोकारो के 4,000 से अधिक विद्यार्थी सड़क पर उतरे। पत्थरकट्टा चौक से राम मंदिर चौक तक बच्चों ने ह्यूमन चेन बनाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।

तख्तियों पर स्लोगन के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बच्चों के हाथों में पर्यावरण सुरक्षा से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में पौधारोपण को शामिल करने की अपील की। बच्चों ने विशेष अवसरों पर उपहार के रूप में पौधे देने और घर के अंदर-बाहर पौधे लगाने का संदेश भी दिया।
प्राचार्य ने कहा- पर्यावरण सुरक्षित तो भविष्य सुरक्षित
ह्यूमन चेन की शुरुआत स्कूल के प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे ने की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल जरूरत नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं के अस्तित्व के लिए भी जरूरी हैं।

सुबह 8 से 10 बजे तक सड़क पर डटे रहे विद्यार्थी
विद्यार्थी सुबह 8 बजे से 10 बजे तक ह्यूमन चेन के माध्यम से लोगों को जागरूक करते रहे। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि बच्चों के सड़क पर उतरने का उद्देश्य सुरक्षित पर्यावरण को लेकर जनभागीदारी बढ़ाना है। आम लोगों से बच्चों की इस पहल का सम्मान करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
शिक्षक और यातायात पुलिस भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, स्कूल कोषाध्यक्ष फादर थॉमस रोड्रिग्स, उप प्राचार्य देवाशीष गुप्ता व दीपक चौधरी, सिस्टर सुनीता, सिस्टर अनुपम, सोनिया सोलोमन, अर्चना कुमारी, प्रबंधक सचित, कार्यालय सहायक राजेश कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे। यातायात पुलिस के एक दर्जन से अधिक अधिकारी व जवानों ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।
