Bokaro: मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा बोकारो क्षेत्र अजय नाथ झा की अध्यक्षता में पीसीसी/एलएसी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुल 18 मामलों पर विचार-विमर्श कर नियमानुसार निर्णय लिया गया। इनमें 10 मामले लीज होल्ड राइट ट्रांसफर तथा 8 मामले अतिरिक्त आइटम और आइटम परिवर्तन से संबंधित थे।

औद्योगिक विकास के साथ रोजगार पर फोकस
बैठक में उपायुक्त ने बोकारो में औद्योगिक विकास को गति देने के साथ विस्थापितों और स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित छोटे-बड़े उद्योग औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में स्थानीय युवाओं और विस्थापित परिवारों के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल जरूरी है।
उद्योगवार रोजगार की ली जानकारी
उपायुक्त ने विभिन्न उद्योगों में उपलब्ध और सृजित रोजगार के अवसरों की क्रमवार जानकारी ली। उन्होंने उद्योगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की संभावनाएं बढ़ाने और कौशलयुक्त स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जियाडा के क्षेत्रीय उप निदेशक, सहायक विकास पदाधिकारी, जेबीवीएनएल चास के कार्यपालक अभियंता, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद धनबाद के क्षेत्रीय पदाधिकारी, बैंक ऑफ इंडिया चास के अग्रणी जिला प्रबंधक, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चास के कार्यपालक अभियंता समेत अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमी विकास संघ, बोकारो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
