Bokaro: भारतीय डाक के धनबाद मंडल की ओर से आयोजित ‘राखी बनाओ और भेजो प्रतियोगिता 2026’ में डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय में आयोजित ऑन-द-स्पॉट राखी बनाने एवं भेजने की प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं की छात्रा अभिश्रीद्धा मजूमदार ने अपने हाथों से तैयार आकर्षक राखी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजी थी।

मुख्यमंत्री ने पत्र भेजकर जताया आभार
अभिश्रीद्धा की भेजी राखी मुख्यमंत्री को इतनी पसंद आई कि उन्होंने छात्रा को स्वयं सराहना पत्र भेजकर आभार व्यक्त किया। पत्र में मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक भेजी गई राखी मिलने पर प्रसन्नता जताई और छात्रा के आत्मीय स्नेह एवं अपनापन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने अभिश्रीद्धा के सदैव सुखी, स्वस्थ और प्रसन्न रहने की कामना भी की।
आरुष राज ने हासिल किया प्रथम स्थान
इसी प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा तीसरी के छात्र आरुष राज ने अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उपलब्धि के लिए उसे प्रमाण-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य ने प्रतिभाओं को निखारने पर दिया जोर
विद्यार्थियों की सफलता पर प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने दोनों बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें उचित मंच देने और उनके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए डाक विभाग के आयोजन की भी सराहना की।
