Bokaro: साइबर अपराधियों ने इस बार बीजीएच बोकारो में कार्यरत एक डॉक्टर को अपना शिकार बनाया है। इंस्टाग्राम पर मोबाइल खरीदने के दौरान डॉक्टर से कुल 33,500 रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने पहले नकली मोबाइल भेजा, फिर कस्टमर केयर के नाम पर मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रुपये उड़ा लिए।

जानकारी के अनुसार, बीजीएच में कार्यरत डॉक्टर ठाकुर ने इंस्टाग्राम पर मिले एक लिंक के जरिए मोबाइल फोन ऑर्डर किया था। 15 मई को डिलीवरी मिलने पर उन्होंने डिलीवरी एजेंट को 19,500 रुपये का भुगतान कर दिया। हालांकि बाद में जांच करने पर उन्हें पता चला कि भेजा गया मोबाइल नकली है।

इसके बाद डॉक्टर ने संबंधित कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। इस दौरान साइबर ठगों ने उन्हें झांसे में लेकर एक एप डाउनलोड करने को कहा। एप डाउनलोड करते ही अपराधियों ने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया।
इसके बाद 18 मई को उनके बैंक खाते से दो बार में 10 हजार और 4 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित डॉक्टर ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

