Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) परिसर स्थित कार्यालय में 21 मार्च 2026 को कार्यरत ठेकेदारों की एक आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में मौजूद संवेदकों ने प्रबंधन द्वारा प्रस्तावित “श्रम सेतु” प्रणाली के तहत कामगारों की उपस्थिति और अनुपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था का विरोध किया। ठेकेदारों ने कहा कि इस प्रणाली में कई तकनीकी कमियां और विसंगतियां हैं, जिसके कारण इसे लागू करना व्यवहारिक रूप से कठिन होगा।

वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान नहीं होने पर नाराजगी
बैठक में संवेदकों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने वर्षों से लंबित उनकी समस्याओं और मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। संवेदकों का कहना था कि बार-बार मांगपत्र सौंपने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। इसी कारण सभी ठेकेदारों ने एकमत से निर्णय लिया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक वे श्रम सेतु ऐप का अनुपालन नहीं करेंगे।

संवेदकों ने रखीं प्रमुख मांगें
बैठक में प्रबंधन के समक्ष रखी गई प्रमुख मांगों में प्रत्येक माह की 30 तारीख तक ठेकेदारों के विपत्रों का भुगतान उनके बैंक खातों में सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा आमंत्रित कार्यादेशों में वर्णित कार्य करने का पूर्ण अधिकार ठेकेदारों को देने, श्रम सेतु पोर्टल में कामगारों की उपस्थिति प्रत्येक पाली में देखने की सुविधा उपलब्ध कराने तथा कार्यादेश के अनुरूप कामगारों की नियुक्ति का अधिकार केवल ठेकेदारों को देने की मांग की गई।
बड़ी निविदा बनाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग
संवेदकों ने छोटे-छोटे कार्यों को जोड़कर बड़ी निविदा बनाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि इससे छोटे और कार्यरत ठेकेदार अगली निविदा में भाग लेने से वंचित हो जाते हैं। साथ ही सेफ्टी ऑडिट एवं अन्य कारणों से की जाने वाली दंडात्मक कार्रवाई रोकने की मांग भी उठाई गई।
काम बंद करने की चेतावनी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि प्रबंधन ने एकतरफा निर्णय थोपने का प्रयास किया और संवेदकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सभी ठेकेदार अपना-अपना कार्यादेश अधिशासी निदेशक (संकार्य), बोकारो इस्पात संयंत्र को वापस कर काम बंद करने के लिए बाध्य होंगे। संवेदकों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी औद्योगिक अशांति के लिए पूरी तरह बोकारो इस्पात प्रबंधन जिम्मेदार होगा।
बड़ी संख्या में संवेदक रहे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से विद्यासागर सिंह, आरके सिंह, संतोष पहलवान, देवेंद्र सिंह, प्रमोद मिश्रा, अरविंद सिंह, जीतन मिश्रा, राजेश रंजन, मधुकर सिंह, आनंद तिवारी, सुभाष लाल, गोपाल सिंह, एसएन सिंह, एके सिंह, रामनाथ यादव, विनय किशोर, चंदन कुमार, रामविलास पांडे, नवलेश कुमार और जगदीश चौधरी समेत सैकड़ों संवेदक उपस्थित रहे। इसकी जानकारी कॉन्ट्रैक्टर संगठन के अवधेश कुमार सिंह ने दी।

