Bokaro: आस्था, विश्वास, तपस्या और परंपरा के अद्भुत संगम लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत और चार दिनों तक चले अनुष्ठानों के बाद व्रतियों ने भगवान भास्कर को अंतिम अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

भोर से ही घाटों पर उमड़ी भीड़
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के चार बजे से ही बोकारो के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। हाथों में पूजा का सूप, दउरा और पारंपरिक प्रसाद लिए व्रती परिजनों के साथ घाटों पर पहुंचे। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, पूरा वातावरण ‘जय छठी मैया’ के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठा। व्रतियों ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

डीसी-एसपी ने सपरिवार की पूजा-अर्चना
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा अपनी पत्नी डॉ. प्रतिमा झा तथा पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा अपनी पत्नी सुलेखा के साथ सेक्टर-1सी स्थित मॉडर्न तालाब छठ घाट पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सपरिवार श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठी मइया से बोकारो जिले और संपूर्ण झारखंड की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सामाजिक समरसता का दिया संदेश
डीसी और एसपी ने समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होने तथा सभी के जीवन में सुख और उत्तम स्वास्थ्य बने रहने की प्रार्थना की। छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, अनुशासन, सामूहिक सहयोग और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
ठेकुआ-फल का प्रसाद बांटकर किया पारण
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठी मइया की पूजा कर ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद का वितरण किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण हुआ। चार दिवसीय यह महापर्व प्रकृति, सूर्योपासना, पवित्रता और लोक परंपराओं के प्रति कृतज्ञता का संदेश देते हुए संपन्न हो गया।
