Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा की पहचान का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों ने फर्जी WhatsApp अकाउंट बना लिया है। उपायुक्त की तस्वीर लगाकर बनाए गए इस अकाउंट के जरिए आम लोगों और विभिन्न अधिकारियों को भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

फर्जी नंबर से किया जा रहा संपर्क
प्रशासन के अनुसार, साइबर अपराधी मोबाइल नंबर 9739811309 का इस्तेमाल कर उपायुक्त के नाम पर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मोबाइल नंबर का उपायुक्त अजय नाथ झा से कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह फर्जी नंबर है और इसके जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। जिला प्रशासन ने बताया कि किसी भी प्रशासनिक या आधिकारिक कार्य के लिए उपायुक्त के आधिकारिक नंबर पर ही संपर्क करने की अपील की गई है।

ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करें
प्रशासन ने आम नागरिकों और सरकारी अधिकारियों को आगाह किया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि जरूर करें।

पुलिस कर रही मामले की जांच
बोकारो पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने और ठगी की कोशिश होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
