Bokaro: गणित और सामान्य ज्ञान के क्षेत्र में अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवा चुके 12 वर्षीय जुड़वां भाई विराट माकेन और विराज माकेन ने सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात की। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों भाइयों ने अपनी उपलब्धियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाए गए रिकॉर्ड की जानकारी साझा की।

लिम्का बुक में दर्ज उपलब्धि
विराट और विराज का नाम प्रतिष्ठित लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स 2024 में दर्ज है। गणित और सामान्य ज्ञान की विभिन्न श्रेणियों में दोनों भाइयों के नाम 36-36 विश्व रिकॉर्ड दर्ज होने की जानकारी दी गई। कम उम्र में उनकी इन उपलब्धियों ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई है।

NCERT ने दिया विशेष सम्मान
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), नई दिल्ली और प्रधानमंत्री ई-विद्या चैनल की ओर से दोनों भाइयों को ‘मैथमेटिक्स जीनियस ऑफ इंडिया’ की उपाधि से सम्मानित किया गया है। कक्षा तीन में पढ़ाई के दौरान 11 अगस्त 2022 को दोनों ने एनसीईआरटी स्टूडियो से प्रधानमंत्री ई-विद्या चैनल के कार्यक्रम में लाइव हिस्सा लिया था।

गणित में अद्भुत कौशल
दोनों बाल प्रतिभाओं की विशेष दक्षताओं में एक से 1,000 तक के पहाड़े सुनाना, कठिन पहाड़ों को उल्टे क्रम में निर्धारित समय के भीतर बोलना, एक से 500 तक की संख्याओं के वर्ग और घन निकालना तथा बड़ी संख्याओं का तेजी से गुणा करना शामिल है।
600 से अधिक विद्यार्थियों को किया संबोधित
विराट और विराज इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट (आईएसआई), कोलकाता में अतिथि वक्ता के रूप में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। यहां उन्होंने 600 से अधिक विद्यार्थियों को संबोधित किया था।
डीसी ने की प्रतिभा की सराहना
उपायुक्त अजय नाथ झा ने दोनों भाइयों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह की असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियां अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। निरंतर अभ्यास, लगन और मेहनत के बल पर किसी भी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
