Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) परिसर में रविवार को एक संविदा कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (SMS-2) में हुई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मेडिकल सेंटर से बीजीएच रेफर
जानकारी के अनुसार, अजय कुमार प्लांट में ब्रेथवेट एंड कंपनी लिमिटेड के लिए काम करने वाली सब-वेंडर कंपनी पोर्टेक इंजीनियरिंग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। घटना के बाद उन्हें अचेत अवस्था में प्लांट स्थित मेडिकल सेंटर लाया गया। बीएसएल सूत्रों के मुताबिक, उनके साथ आए परिजनों ने चिकित्सकों को आत्महत्या की कोशिश किए जाने की आशंका जताई थी।

बीजीएच में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
मेडिकल सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर किया गया। हालांकि, BGH अस्पताल पहुंचने पर कैजुअल्टी विभाग के चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने कहा, “संविदा कर्मी की मौत संभवतः आत्महत्या के कारण हुई है।” पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
