Bokaro: मेडिकल लीव मंजूर करने के एवज में कथित तौर पर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिवीजन के चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर को CBI ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पोस्टिंग बोकारो जिले के भोजूडीह में है।

CBI की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एजेंसी ने 15 सितंबर को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता की मेडिकल लीव मंजूर करने के लिए 25 हजार रुपये की अनुचित राशि की मांग की थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने जाल बिछाया। ट्रैप के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत कथित तौर पर लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी भी ली। CBI ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी को धनबाद की सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

