Bokaro: अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सीआईएसएफ सीसीएल करगली ने अभियान तेज कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देशन में बीएंडडी और खोरी एरिया से सड़क मार्ग से कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।

कई प्रमुख स्थानों पर चला वाहन जांच अभियान
अभियान के तहत खोरी एरिया के दीनदयाल चौक, हिंदुस्तान पुल और कल्याणी तथा बीएंडडी एरिया के कारों मोड़ और डी.डी. माइंस के सामने विशेष वाहन चेकिंग की गई। इसका उद्देश्य अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना था।
अमलो चेक पोस्ट के पास 1.43 टन कोयला बरामद
इसी क्रम में अमलो चेक पोस्ट के सामने हनुमान मंदिर के पीछे छापेमारी कर 1.43 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। वहीं कारीपानी गोल्ड डंप एरिया में भी छापेमारी के दौरान करीब 800 किलोग्राम कोयला बरामद हुआ। जब्त कोयले का वजन कराने के बाद उसे सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।

क्यूआरटी और आसूचना टीम ने भी संभाला मोर्चा
कार्रवाई में सहायक कमांडेंट ओंकार सार्थक बाबाजी, इंस्पेक्टर रवि रंजन, सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रसाद, अमित कुमार, संतोष तिवारी, क्यूआरटी टीम और आसूचना कर्मियों सहित सीआईएसएफ के जवान शामिल रहे।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी सख्ती
सीआईएसएफ ने कहा कि माइंस क्षेत्र और आसपास अवैध कोयला खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। एमएमडीआर एक्ट, 1957 में संशोधन के बाद चल रहे अभियानों के तहत विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से कार्रवाई जारी रहेगी।
लगातार कार्रवाई से माफियाओं में बढ़ी बेचैनी
अवैध कोयला ढुलाई के खिलाफ लगातार हो रही जांच और छापेमारी से इसमें संलिप्त लोगों में भय का माहौल है। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि आगे भी सघन जांच, निगरानी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
