Bokaro: गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटीज टेक्निकल कैंपस में मंगलवार को भारत रत्न से सम्मानित महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर राष्ट्रीय अभियंता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईआईटी (आईएसएम), धनबाद के डॉ. प्रमोद पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया।

नवाचार के लिए छात्रों को किया प्रेरित
निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने शॉल और गुलदस्ता भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. प्रमोद पाठक ने ‘इनोवेशन के माध्यम से सतत भविष्य के लिए स्मार्ट इंजीनियर्स’ विषय पर व्याख्यान देते हुए तकनीकी सोच और नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया हुनर
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक और तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मनीष कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शाहीन परवीन और उनकी टीम द्वितीय स्थान पर रही।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
डीन एकेडमिक्स एंड एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन ईईई की सहायक प्रोफेसर जयंती और सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा आशी ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। जीजीईएस के अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव सुरेंद्र पाल सिंह ने अभियंता दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दीं।
