Bokaro: साहेबगंज में 12 से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित 20वीं झारखंड राज्य जूनियर बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में बोकारो की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया। चैंपियन बनकर मंगलवार को बोकारो लौटे खिलाड़ियों से उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर बढ़ाया हौसला
उपायुक्त ने विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी से हाथ मिलाकर उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
एशियन गेम्स में चयन पर भी जताई खुशी
इस दौरान उपायुक्त ने बोकारो के विपिन कुमार सिंह के 20वीं एशियन गेम्स, नागोया (जापान) में कबड्डी के तकनीकी पदाधिकारी के रूप में चयन पर भी प्रसन्नता जताई। उन्होंने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। खिलाड़ियों की उपलब्धियां जिले के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
अधिकारी और कबड्डी संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल समन्वयक चंद्रभूषण शुक्ला, कबड्डी संघ के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, सचिव विपिन कुमार, प्रशिक्षक और विजेता टीम के सभी खिलाड़ी मौजूद रहे।
