Bokaro: चास में मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया। वारदात जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर दूर कैलाश विहार इलाके में हुई। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलने पर चास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सब्जी लेकर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार कैलाश विहार में किराये के मकान में रहने वाली विभा मालाकार सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थीं। सब्जी लेकर लौटते समय जैसे ही वह अपने आवास वाली गली में पहुंचीं, पहले से बाइक पर सवार दो युवक वहां मौजूद थे। महिला के गली में प्रवेश करते ही आरोपियों ने बाइक उनकी ओर मोड़ दी।
झपट्टा मारकर चेन और पेंडेंट छीना
बताया गया कि बाइक दीवार से टकराते-टकराते बची। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर करीब 12 ग्राम की सोने की चेन और उसमें लगा पेंडेंट छीन लिया। चेन और पेंडेंट की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना के बाद चास पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
