Bokaro: अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सीआईएसएफ ने करगली क्षेत्र में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर बी एंड डी और ढोरी एरिया से सड़क मार्ग के जरिए कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।


दीनदयाल चौक से कारो मोड़ तक चला विशेष चेकिंग अभियान
सीआईएसएफ की टीम ने ढोरी एरिया के दीनदयाल चौक, हिंदुस्तान पुल और कल्याणी सहित बी एंड डी एरिया के कारो मोड़ और डी.डी. माइंस के सामने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कोयला परिवहन से जुड़े वाहनों की गहनता से जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
गुप्त सूचना पर अलर्ट हुई सीआईएसएफ टीम
गुप्त सूत्रों से मिली सूचना के बाद सुरक्षा बलों को सक्रिय किया गया। अभियान के दौरान सड़क मार्ग से कोयला लेकर जाने वाले वाहनों की जांच कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि परिवहन वैध दस्तावेजों और निर्धारित नियमों के तहत ही हो रहा है।

सहायक कमांडेंट समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
विशेष अभियान में सहायक कमांडेंट ओंकार सार्थक बाबाजी, इंस्पेक्टर रवि रंजन और सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रसाद के अलावा अमित कुमार, संतोष तिवारी, क्यूआरटी टीम, आसूचनाकर्मी और सीआईएसएफ के अन्य जवान शामिल रहे। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर निगरानी और वाहन जांच की जिम्मेदारी संभाली।
अवैध खनन और परिवहन पर सीआईएसएफ की नजर
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि माइनिंग क्षेत्र और उसके आसपास अवैध कोयला भंडारण, खनन और परिवहन जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के बाद अभियान जारी
सीआईएसएफ के अनुसार, यह कार्रवाई माइनिंग क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे लगातार अभियान का हिस्सा है। एमएमडीआर एक्ट, 1957 में संशोधन के बाद अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जांच एवं निगरानी को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
लगातार चेकिंग से अवैध कोयला कारोबारियों में दहशत
करगली क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन जांच और निगरानी से अवैध कोयला ढुलाई से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। सीआईएसएफ ने कहा है कि अवैध कोयला गतिविधियों के खिलाफ सघन जांच, निगरानी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
