Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में टेंडर प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जोखिममुक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सतर्कता विभाग ने आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 और वर्तमान में चल रहे तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत 31 अगस्त को प्रोजेक्ट डिवीजन के टेंडर एवं क्लेम्स विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

टेंडर दस्तावेजों की अस्पष्टता पर फोकस
कार्यक्रम में टेंडर दस्तावेजों में संभावित अस्पष्टताओं की पहचान और उनके समय रहते निराकरण को प्रमुख मुद्दे के रूप में उठाया गया। साथ ही कार्यों एवं दायित्वों की स्पष्टता, निर्णय प्रक्रिया में जवाबदेही तथा टेंडरिंग कमेटियों की भूमिका और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने साझा किए अनुभव और सुझाव
कार्यक्रम की शुरुआत सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुई। मुख्य महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट कमर्शियल), टेंडर एवं क्लेम्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा सतर्कता विभाग के अधिकारियों समेत कुल 16 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया। सतर्कता विभाग के उप महाप्रबंधक एवं सहायक महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रक्रियागत पहलुओं पर संवाद किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए।

निवारक सतर्कता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर
बीएसएल में इस पहल का उद्देश्य प्रक्रियाओं में संभावित जोखिमों को अनियमितता का रूप लेने से पहले पहचानना और दूर करना है। संवाद के माध्यम से निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सत्यनिष्ठा को मजबूत करने पर बल दिया गया। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम के अनुरूप आयोजित यह कार्यक्रम बीएसएल में नैतिक एवं सतर्क कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


