Bokaro: चोरी के बाद सिर्फ सामान नहीं जाता, कई बार उसके साथ जुड़ी यादें और भावनाएं भी जैसे कहीं खो जाती हैं। लेकिन बोकारो पुलिस की एक कार्रवाई ने रीना देवी के लिए ऐसी ही खोई हुई भावनाओं को फिर से लौटा दिया। सेक्टर-3 स्थित क्वार्टर से 25 नवंबर 2025 को चोरी हुए सामान में से बरामद मांग टीका और झुमका जब मंगलवार को पुलिस ने उन्हें सौंपा, तो उनकी आंखें नम हो गईं।

शादी समारोह में गया था परिवार, पीछे रह गया था सूना घर
25 नवंबर 2025 को रीना देवी और उनके परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सेक्टर-3 स्थित उनके क्वार्टर को निशाना बनाया और घर से कीमती सामान सहित अन्य वस्तुएं चोरी कर लीं। घटना के बाद परिवार के लिए सबसे बड़ी चिंता सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं थी, बल्कि उन आभूषणों से जुड़ी भावनाएं थीं।
पुलिस ने बरामद की अनमोल यादें
मामले की जांच में जुटी सिटी थाना पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किया। पुलिस ने मांग टीका और झुमका बरामद कर मंगलवार को रीना देवी को सौंप दिया। वहीं चोरी हुआ लैपटॉप भी पुलिस बरामद कर उसके मालिक को पहले ही सौंप चुकी है।

‘पुलिस ने मेरे सुहाग की अंतिम निशानी लौटा दी’
बरामद गहने हाथ में आते ही रीना देवी भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि इन आभूषणों की कीमत रुपये में नहीं आंकी जा सकती। ये उनके लिए उनके सुहाग की अंतिम निशानी हैं और इनसे उनकी जिंदगी की बेहद खास यादें जुड़ी हैं। सामान वापस पाकर उनके चेहरे पर राहत और आंखों में खुशी के आंसू साफ नजर आए।
पुलिस की संवेदनशीलता को सलाम
रीना देवी और उनके परिवार ने बोकारो पुलिस की इस कार्रवाई के लिए आभार जताया। परिवार का कहना है कि पुलिस ने सिर्फ चोरी का सामान बरामद नहीं किया, बल्कि उनके लिए बेहद अनमोल भावनात्मक धरोहर भी वापस लौटाई है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों तक पहुंचना ही नहीं, बल्कि पीड़ितों के दर्द और भावनाओं को समझकर उन्हें न्याय और राहत दिलाना भी है।
