Bokaro: कोयले की चोरी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ (CISF) ने ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। 14 अक्टूबर को सीसीएल के बीएंडके एरिया अंतर्गत बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइन्स क्षेत्र में छापेमारी कर 105.420 टन अवैध कोयला और सात मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
4.46 लाख रुपये आंकी गई जब्त कोयले की कीमत
आसूचना से मिले इनपुट के आधार पर एरिया कमांडर राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने दोपहर करीब 4 बजे से रात 9:30 बजे तक अभियान चलाया। सीसीएल प्रबंधन के अनुसार, बरामद कोयले की कीमत 4,46,277 रुपये आंकी गई है। मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ड्रोन और श्वान दस्ते से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर
सीआईएसएफ अवैध कोयला उत्खनन, भंडारण और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और सूचना आधारित कार्रवाई कर रही है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन और श्वान दस्ते की मदद से भी की जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर समय पर कार्रवाई की जा सके।

संयुक्त टीम ने संभाली कार्रवाई की जिम्मेदारी
छापेमारी अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, वर्पे सार्थक बाबाजी, धनंजय कुमार पांडेय, गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह, परियोजना अधिकारी वी.एन. पांडेय, सुरक्षा अधिकारी पी.एन. सिंह, सीसीएल सुरक्षा विभाग के मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे।
राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग की अपील
सीआईएसएफ ने आम लोगों से कोयला चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासन को देने की अपील की है। बल ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
