Bokaro: त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बोकारो में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। गुरुवार, 15 अक्टूबर को जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और पूजा पंडालों के आसपास स्थित 28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।


अखाद्य रंग से बनी 12 किलो जलेबी नष्ट
जांच के दौरान अखाद्य रंग से तैयार लगभग 12 किलोग्राम जलेबी नष्ट कराई गई। वहीं, रसगुल्ला और पनीर के नमूने गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे गए हैं। जांच टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की भी पड़ताल की।
बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों को नोटिस
उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पूजा कुमारी और एम.ए. आलम शामिल थे। इस दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के पंजीकरण या लाइसेंस के बिना कारोबार करने वाले व्यवसायियों को नोटिस जारी किया गया।

मिलावट मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आम लोगों से सतर्क रहने की अपील
विभाग ने लोगों से त्योहारों के दौरान मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता पर ध्यान देने की अपील की है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना देने का भी आग्रह किया गया है।
