Bokaro: चिन्मय विद्यालय बोकारो में गुरुवार, 15 अक्टूबर को इंटर स्कूल क्रॉस कल्चरल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में बोकारो जिले के 13 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में डीपीएस बोकारो ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता।


शिव स्तुति और मां दुर्गा की आराधना ने मोहा मन
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नृत्य स्वयं में एक साधना है, जो शरीर से शुरू होकर आत्मा तक पहुंचती है। विद्यार्थियों ने मां दुर्गा, महिषासुर वध, शिव स्तुति, नागपाश कथा, श्रीकृष्ण लीला और विष्णु अवतार जैसे विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
विभिन्न श्रेणियों में विद्यालयों को मिले पुरस्कार
चिन्मय विद्यालय को बेस्ट कॉस्ट्यूम, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल को ग्रेस एंड प्वाइज, जीजीपीएस बोकारो को प्रोप मास्टर और एआरएस पब्लिक स्कूल को बेस्ट कोरियोग्राफर अवार्ड मिला। आदर्श विद्या मंदिर चास, डीपीएस चास, डीएवी सेक्टर-4, एमजेएम पब्लिक स्कूल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल, रेनबो पब्लिक स्कूल, मिथिला एकेडमी और सरदार पटेल पब्लिक स्कूल को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

निर्णायक मंडली ने प्रतिभागियों की सराहना की
कोलकाता से आईं नृत्य विशेषज्ञ अंकिता ताह, सुचेता सरकार और मल्लिका कार्जी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सुधार के सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया और आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों तथा मंच संचालक विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया।
