बोकारो: सीसीएल के बीएंडके एरिया अंतर्गत बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइन्स क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत 18 और 19 नवंबर की मध्यरात्रि चलाए गए छापेमारी अभियान में 123.880 टन अवैध कोयला और 44 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

कमांडेंट के निर्देश पर चला सघन छापेमारी अभियान
विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देशन में सीआईएसएफ रेड टीम, आसूचना कर्मियों और सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने रात करीब 11 बजे से सुबह 2 बजे तक विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से जमा किए गए कोयले और मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया। मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ड्रोन और श्वान दस्ते से भी हो रही निगरानी
सीआईएसएफ अवैध कोयला उत्खनन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्त के साथ ड्रोन और श्वान दस्ते की मदद ले रही है। संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों में तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सीआईएसएफ ने आम लोगों से कोयला चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासन को देने की अपील की है। अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, धनंजय कुमार पांडेय, निरीक्षक पीके सिंह, शिला टोप्पो, रवि रंजन सहित सीआईएसएफ के जवान तथा सीसीएल सुरक्षा विभाग के पीएन सिंह, मनोज तिवारी और उनकी टीम शामिल रही।
