बोकारो: विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में डीपीएस बोकारो ने नई पहल की है। विद्यालय परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘डिप्स क्रिकेट एकेडमी’ की शुरुआत की गई। गुरुवार को झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने इसका उद्घाटन किया।

बोकारो से भी निकलेंगे नए धोनी : शाहदेव
मुख्य अतिथि अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि क्रिकेट बच्चों को अनुशासन, टीमवर्क, एकाग्रता और चुनौतियों का सामना करने की सीख देता है। खेलों में करियर की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस एकेडमी से भविष्य में एमएस धोनी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे। उन्होंने जेएससीए की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा पेशेवर प्रशिक्षण
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण देना है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि जुनून है। पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।

दो ए-लेवल कोच संभालेंगे प्रशिक्षण की जिम्मेदारी
एकेडमी के समन्वयक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए बीसीसीआई के दो पेशेवर ए-लेवल कोच नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर-4 स्थित क्रिकेट मैदान में एक सीमेंटेड और तीन टर्फ पिच तैयार की गई हैं। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण उपकरणों की मदद से बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का अभ्यास कराया जाएगा।
खेल सुविधाओं में भी आगे है डीपीएस बोकारो
विद्यालय में क्रिकेट के अलावा स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज, कराटे, टेबल टेनिस, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। उद्घाटन समारोह में बोकारो जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजेश रंजन सहित शिक्षक, कोच और विद्यार्थी उपस्थित थे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुरू हुए कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
