Bokaro: तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत के.बी. कॉलेज, बेरमो में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को दर्शाया और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।

युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने की अपील
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने की, जबकि संचालन NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रभाकर कुमार के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों से NSS विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रत्येक सप्ताह जागरूकता अभियान चलाने की अपील की।

नियमित जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं, डॉ. प्रभाकर कुमार ने जिले के सभी कॉलेजों के NSS समन्वयकों से अभियान से जुड़कर नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की अपील की।

शिक्षकों और NSS स्वयंसेवकों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में प्रो. इंचार्ज गोपाल प्रजापति, बड़ा बाबू रविंद्र कुमार दास सहित कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं NSS स्वयंसेवक उपस्थित रहे। जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग ने युवाओं से तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
