Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) से विधानसभावार डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
रविवार तक शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य
समीक्षा के दौरान डीईओ सह डीसी ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को स्पष्ट निर्देश दिया कि डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी गंभीरता, गुणवत्ता और गति के साथ करते हुए रविवार तक शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन किया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।

सत्यापन कार्य पर भी रखें विशेष फोकस
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल डिजिटाइजेशन तक सीमित न रहें, बल्कि आगामी चरणों को ध्यान में रखते हुए सत्यापन कार्य की भी अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि एसआईआर-2026 अभियान निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

बीएलओ के लंबित मानदेय भुगतान का निर्देश
बैठक के दौरान डीईओ सह डीसी ने एसआईआर-2026 अभियान में प्रतिनियुक्त बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) के लंबित मानदेय का भुगतान भी प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी एईआरओ को निर्देशित किया कि लंबित भुगतान की प्रक्रिया कल तक हर हाल में पूरी कर ली जाए।
उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एसआईआर-2026 अभियान की प्रगति, डिजिटाइजेशन की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
