Bokaro: टीबी मरीजों के बेहतर इलाज और शीघ्र स्वस्थ होने में पोषण की अहम भूमिका को देखते हुए डालमिया भारत फाउंडेशन ने बोकारो में सराहनीय पहल की है। फाउंडेशन की ओर से प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की नि-क्षय मित्र पहल के तहत 75 टीबी मरीजों को छह महीने तक पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्यक्रम का आयोजन गोरावाली नॉर्थ पंचायत भवन में किया गया।
हर महीने मिलेगी पोषण किट
बोकारो जिला टीबी कार्यालय के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के तहत चयनित सभी मरीजों को हर महीने पोषण किट दी जाएगी। इसमें 3 किलो दाल, 1.5 किलो चना, 1 किलो मूंगफली, 1 किलो गुड़ और 1 लीटर सरसों तेल शामिल है। इसका उद्देश्य इलाज के दौरान मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है।

टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग की पहल
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग पदाधिकारी डॉ. फ्लोरेंस होरो, जिला समन्वयक हेमंत झा, नितिन कुमार सिंह, डालमिया भारत सीमेंट लिमिटेड के बोकारो यूनिट हेड सुनील कुमार के. भुसारी और प्लांट ओएचसी के डॉ. संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इलाज के साथ पोषण भी जरूरी
यूनिट हेड सुनील कुमार के. भुसारी ने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार और स्वस्थ होने में उचित पोषण महत्वपूर्ण है। इस पहल के जरिए जरूरतमंद मरीजों को निरंतर सहयोग देने के साथ टीबी मुक्त भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान दिया जा रहा है।
वहीं, डॉ. फ्लोरेंस होरो ने इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पौष्टिक आहार मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और रिकवरी में मदद करता है। सरकारी विभागों और कॉर्पोरेट संस्थानों की साझेदारी से टीबी उन्मूलन के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
