Bokaro: सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पीने वालों के खिलाफ बोकारो पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार की देर शाम प्रशिक्षु आईएएस कृष्णन और सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने शहरी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब पी रहे दर्जनों लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
नया मोड़ से शुरू हुआ पुलिस का अभियान
पुलिस टीम ने अभियान की शुरुआत नया मोड़ से की। इसके बाद सेक्टर-1, श्रीराम मंदिर चौक, को-ऑपरेटिव मोड़, नया मोड़ चौक और बस स्टैंड सहित विभिन्न इलाकों में जांच की गई। इस दौरान सरकारी शराब दुकानों के लाइसेंस की भी जांच की गई।

कई थानों के पुलिस अधिकारी रहे शामिल
अभियान में सिटी डीएसपी राजीव रंजन के साथ सेक्टर-12 इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास, सेक्टर-4 इंस्पेक्टर नीतीश कुमार, बीएस सिटी इंस्पेक्टर ममता कुमारी और हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल थे।

सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों को चेतावनी
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन आगे भी अभियान जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पकड़े जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
