Bokaro: सपने पूरे करने के लिए गांव छोड़कर शहर की ओर भागना ही जरूरी नहीं। अगर हौसला हो, मेहनत हो और असफलता से सीखने का जज्बा हो तो गांव की मिट्टी में भी सफलता की मजबूत नींव रखी जा सकती है। मंजूरा (झरमूंगा) निवासी अभिश्वर महतो ने अपनी मेहनत से इसी सोच को हकीकत में बदल दिया है।
पोल्ट्री व्यवसाय में पहली कोशिश उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रही। कारोबार में मिली असफलता ने उन्हें जरूर झटका दिया, लेकिन उनका हौसला नहीं तोड़ सकी। उन्होंने हार मानने के बजाय अपने गांव में ही एक नया रास्ता तलाशा और नवंबर 2025 में महज 20 गायों से डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की। देखते ही देखते मेहनत रंग लाने लगी। करीब नौ महीने में 20 गायों का यह छोटा सा प्रयास बढ़कर 40 गायों के फार्म में बदल गया। आज फार्म में साहीवाल और एचएफ नस्ल की गायों से प्रतिदिन करीब 400 किलो दूध का उत्पादन हो रहा है। यह दूध कसमार क्षेत्र के करीब 20 गांवों तक पहुंच रहा है।

दो एकड़ में खड़ी की डेयरी की दुनिया
अभिश्वर ने करीब दो एकड़ जमीन में अपना डेयरी फार्म विकसित किया है। लगभग एक एकड़ में पशुओं के लिए शेड और जरूरी आधारभूत सुविधाएं तैयार की गयी हैं। मौसम के अनुसार गायों की देखभाल और रखरखाव की व्यवस्था की गयी है। दूध निकालने के लिए आधुनिक मशीन का इस्तेमाल किया जाता है। पशुओं के चारे की जरूरत पूरी करने के लिए हरे चारे की खेती भी की जा रही है। यानी दूध उत्पादन से लेकर चारे की व्यवस्था तक, उन्होंने अपने व्यवसाय को व्यवस्थित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
बाइक बनी कारोबार की साथी, घर-घर पहुंचता है दूध
अभिश्वर की सफलता की कहानी सिर्फ गाय पालने और दूध बेचने तक सीमित नहीं है। उनके कारोबार की सबसे खास बात है ग्राहकों से सीधा जुड़ाव। दूध का बड़ा हिस्सा वह खुद बाइक से ग्राहकों के घर तक पहुंचाते हैं। सुबह दूध लेकर गांवों की सड़कों पर निकलने वाली उनकी बाइक अब उनके कारोबार की पहचान बन चुकी है। कसमार, मंजूरा, खैराचातर, सिंहपुर, हरनाद और बगदा समेत करीब 20 गांवों में उनके दूध की आपूर्ति हो रही है। दूध के साथ पनीर भी बेचा जाता है। इस सीधे संपर्क ने उन्हें केवल ग्राहक ही नहीं दिए, बल्कि भरोसे का अपना बाजार भी तैयार कर दिया।
असफलता ने दिखाई सफलता की राह
अभिश्वर बताते हैं कि डेयरी शुरू करने से पहले उन्होंने पोल्ट्री व्यवसाय में हाथ आजमाया था। उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली। लेकिन उन्होंने उस असफलता को अपनी कहानी का आखिरी अध्याय नहीं बनने दिया। उन्होंने कारोबार बदला और पशुपालन को अवसर बनाया। 20 गायों से शुरू किया गया प्रयास धीरे-धीरे आगे बढ़ा तो उन्होंने इसे बड़े व्यवसाय में बदलने का फैसला किया। आज वही फैसला उनके लिए नई पहचान और सफलता का आधार बन चुका है।
अब लक्ष्य 100 गायों का, शहरों पर नजर
अभिश्वर अब छोटे लक्ष्य के साथ नहीं रुकना चाहते। उनका अगला लक्ष्य नवंबर 2026 तक फार्म में 100 गायें करना है। इसके लिए फार्म की आधारभूत संरचना का विस्तार किया जा रहा है। 100 गायों का आंकड़ा हासिल करने के बाद उनकी योजना दूध की आपूर्ति को बोकारो और बोकारो थर्मल जैसे शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने की है। इन क्षेत्रों से दूध की मांग भी मिल रही है। यानी गांव से शुरू हुआ कारोबार अब शहर के बाजार तक पहुंचने की तैयारी में है।
परिवार बना सफलता की ताकत
इस सफर में अभिश्वर अकेले नहीं हैं। उनके पुत्र के साथ भतीजे प्रवीण कुमार महतो, गिरिधारी महतो, नवीन महतो, हरिहर महतो, सिद्धेश्वर महतो, रवींद्र महतो और भीखू राम महतो भी व्यवसाय में सहयोग करते हैं। वहीं पटना में कोचिंग संस्थान चलाने वाले उनके भतीजे विनोद बिहारी महतो व्यवसाय को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन देते हैं। अभिश्वर खुद को आज भी एक साधारण कृषक बताते हैं। लेकिन उनकी कहानी साधारण नहीं है। उन्होंने साबित किया है कि असफलता रास्ता रोक सकती है, मंजिल नहीं।
जिस व्यवसाय में पहली कोशिश नाकाम हुई, उसी अनुभव से सीख लेकर उन्होंने दूसरी राह पकड़ी और अपने गांव में ही रोजगार का मजबूत आधार खड़ा कर दिया। आज उनकी डेयरी सिर्फ परिवार की आय का जरिया नहीं, बल्कि आसपास के गांवों में ताजा दूध उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं पैदा करने की एक प्रेरक मिसाल भी बन रही है।
