Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र में अगस्त माह में सेवानिवृत्त होने वाले 26 कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इनमें 6 अधिशासी और 20 अनाधिशासी कर्मचारी शामिल हैं। कर्मियों की वर्षों की निष्ठा, मेहनत और समर्पित सेवाओं को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

सेवाओं और योगदान की सराहना
समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं, समर्पण और संयंत्र के विकास में योगदान के लिए बधाई दी। साथ ही सभी के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध भविष्य की कामना की। समारोह में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी और कर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे।
बायोडाटा के जरिए याद किया सेवाकाल
कार्यक्रम के दौरान सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) ने प्रत्येक सेवानिवृत्त कर्मी का बायोडाटा प्रस्तुत किया। इसमें उनके सेवाकाल और बोकारो इस्पात संयंत्र की प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया। इस दौरान माहौल भावुक भी रहा और कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल की यादें साझा कीं।

तीन सीजीएम को भी दी गई विदाई
इसी क्रम में मुख्य महाप्रबंधक (बिजनेस एक्सीलेंस) मनीष जलोटा, मुख्य महाप्रबंधक-प्रभारी (सेवाएं) अरविंद कुमार और मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) हर्ष निगम के सम्मान में अलग विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें निदेशक प्रभारी, अधिशासी निदेशकगण, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक और विभागाध्यक्ष शामिल हुए।
शीर्ष नेतृत्व ने सराहा योगदान
समारोह में बीएसएल के शीर्ष नेतृत्व ने तीनों अधिकारियों के कार्यकाल के दौरान संयंत्र की प्रगति में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। अधिकारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भावी जीवन की कामना की।


