Bokaro : चोरी की सवारी गाड़ी लेकर निकले चोरों की योजना उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब रास्ते में गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। चोर गाड़ी को ललपनिया थाना क्षेत्र के छरछारिया के पास लावारिस छोड़कर फरार हो गए। सुबह होते-होते गाड़ी अपने मालिक तक वापस पहुंच गई।

रात में घर के सामने से हुई चोरी
चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के तिसरी गांव निवासी दिनेश यादव ने सोमवार शाम अपनी सवारी गाड़ी रोज की तरह घर के सामने खड़ी की थी। उनकी गाड़ी डीएवी स्कूल, बनासो में बच्चों को लाने-ले जाने के काम में लगी है। रात करीब नौ बजे तक गाड़ी घर के सामने थी, लेकिन मंगलवार सुबह वह गायब मिली।
टायर के निशान ने बताया रास्ता
गाड़ी गायब मिलने के बाद दिनेश यादव ने आसपास तलाश की। सड़क पर मिले टायर के निशान से गाड़ी के गोमिया की ओर जाने का अंदेशा हुआ। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और गाड़ी की जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा कर दी।

सुबह सात बजे आया ‘गाड़ी मिल गई’ का फोन
इसी बीच करीब सुबह सात बजे एक मित्र ने दिनेश यादव को फोन कर बताया कि उनकी गाड़ी ललपनिया के छरछारिया के पास खड़ी है। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और मौके पर पहुंचे। गाड़ी वहां लावारिस हालत में मिली और उसे वापस घर ले आए।
डीजल ने चोरों की ‘यात्रा’ पर लगाया ब्रेक
दिनेश यादव ने आशंका जताई कि अगर गाड़ी में डीजल पर्याप्त मात्रा में रहता तो चोर उसे कहीं और ले जाकर गायब कर सकते थे। लेकिन डीजल खत्म होने से उनकी चोरी की ‘यात्रा’ छरछारिया में ही रुक गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।
