बोकारो: जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब चास की ओर से निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर 29 एवं 30 नवंबर को चास स्थित मारवाड़ी पंचायत भवन में लगेगा।

आत्मनिर्भर जीवन जीने में मिलेगी मदद
रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सामान्य जीवन जी सकें। इस पहल के जरिए उनके जीवन में नई आशा और खुशियां लाने का प्रयास किया जा रहा है।

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेगा शिविर
कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन कुमार अमरदीप ने बताया कि शिविर दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। शिविर का लाभ लेने के इच्छुक दिव्यांगजनों के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इससे लाभार्थियों को व्यवस्थित तरीके से सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

जरूरतमंदों तक जानकारी पहुंचाने की अपील
क्लब के सचिव बिनोद चोपड़ा ने आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस जनकल्याणकारी पहल की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब चास सेवा के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।
