बोकारो: डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-2C, बोकारो में भारत निर्वाचन आयोग की पहल के तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की ओर से निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बोकारो के विभिन्न विद्यालयों के कुल 53 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हुई प्रतियोगिता
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता के तहत प्रश्नोत्तरी में 28 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 25 विद्यार्थियों ने निबंध लेखन में अपनी प्रतिभा दिखाई।

मतदाता सूची, ईवीएम और वीवीपैट से जुड़े सवाल पूछे गए
निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए थे। वहीं, प्रश्नोत्तरी में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया से संबंधित सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी और तार्किक क्षमता का परिचय दिया।

जागरूक नागरिक बनना विद्यार्थियों के लिए जरूरी : प्राचार्या
विद्यालय की प्राचार्या अनुराधा सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर करती है। विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही मतदान के महत्व तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक समझ विकसित करती हैं। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निर्वाचन साक्षरता क्लब के सहयोग से किया गया।
