Bokaro: इस्पातनगरी बोकारो के लिए गर्व का क्षण है। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के पूर्व छात्र और देश के प्रख्यात अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को विश्व बैंक के वाशिंगटन डीसी मुख्यालय में भारत का अगला कार्यकारी निदेशक (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। वह सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी परमेश्वरन अय्यर का स्थान लेंगे।

अर्थव्यवस्था के विशेषज्ञ, वैश्विक मंच पर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
नीलकंठ मिश्रा देश के प्रमुख अर्थशास्त्रियों में गिने जाते हैं। वे एक्सिस बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री रह चुके हैं और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सलाहकार के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अब विश्व बैंक में भारत का प्रतिनिधित्व कर वे वैश्विक आर्थिक नीतियों के मंच पर देश की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

डीपीएस बोकारो के 1993 बैच के छात्र रहे हैं नीलकंठ
नीलकंठ मिश्रा डीपीएस बोकारो के 1993 बैच के छात्र रहे हैं। उन्होंने उसी वर्ष आईआईटी प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। बीएसएल अधिकारी रहे प्रकाश चंद्र मिश्रा और किरण मिश्रा के पुत्र नीलकंठ की इस उपलब्धि से पूरे बोकारो और झारखंड में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य बोले- उन्हें पढ़ाने का अवसर मिला, यह गर्व की बात
डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने नीलकंठ मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि वे अर्थजगत की एक वैश्विक धरोहर हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें नीलकंठ को रसायन विज्ञान पढ़ाने का अवसर मिला था। पढ़ाई के साथ-साथ सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। उनकी सफलता आज के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मिथिला समाज में भी खुशी की लहर
विश्व बैंक में नीलकंठ मिश्रा की नियुक्ति पर बोकारो के मिथिला समाज में भी हर्ष का माहौल है। मिथिला सांस्कृतिक परिषद समेत विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए नीलकंठ मिश्रा और उनके परिवार को बधाई दी है। उनकी यह उपलब्धि बोकारो के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दे रही है।

