Bokaro: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार और योगदान के लिए डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. अवनीन्द्र सिंह गंगवार को प्रतिष्ठित ‘लीडर्स 2026’ राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान ‘एजुकेशन टुडे’ की ओर से आयोजित ‘नॉर्थ एजुकेटर्स समिट एंड नॉर्थ इंडिया स्कूल मेरिट अवॉर्ड्स 2026’ में प्रदान किया गया।

गुरुग्राम में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित द वेस्टिन में आयोजित समारोह में देशभर के शिक्षाविदों, स्कूल निदेशकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की मौजूदगी में डॉ. गंगवार को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान के-12 शिक्षा क्षेत्र में प्रभावी नेतृत्व, शैक्षणिक नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता के लिए मिला।
दूरदर्शी नेतृत्व के लिए मिली पहचान
‘लीडर्स 2026’ के तहत देशभर के चुनिंदा चेयरपर्सन, संस्थापकों और प्राचार्यों को उनके नेतृत्व एवं शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. गंगवार को स्मृति-फलक और उपलब्धि प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

विद्यालय परिवार ने दी बधाई
शनिवार को विद्यालय के वरीय उपप्राचार्य अंजनी भूषण और उपप्राचार्या शालिनी शर्मा ने डॉ. गंगवार को पुरस्कार सांकेतिक रूप से सौंपा। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। सम्मान मिलने से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
उपलब्धि का श्रेय विद्यालय परिवार को दिया
डॉ. गंगवार ने सम्मान का श्रेय विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रबंधन और पूरे विद्यालय परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करने के लिए और अधिक ऊर्जा देगा।
