Bokaro: एसआईआर 2026 के तहत अनमैप्ड एवं एनोमलीज मामलों में चल रही सुनवाई की प्रगति को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ से मामलों की स्थिति और सुनवाई में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।

लंबित मामलों का समयबद्ध करें निष्पादन
डीईओ-सह-डीसी ने अधिकारियों को लंबित मामलों के समाधान के लिए स्पष्ट रणनीति बनाने और निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति समझकर नियमानुसार ठोस कार्रवाई की जाए और प्रक्रिया केवल औपचारिक सुनवाई तक सीमित न रहे।
दस्तावेजों से पात्रता की करें पुष्टि
उन्होंने आवश्यक दस्तावेज, प्रमाण-पत्र और संबंधित अभिलेखों की विधिवत जांच कर मतदाता की पात्रता एवं नागरिकता की पुष्टि करने को कहा। एनोमलीज मामलों में भी वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर नियमानुसार समाधान करने का निर्देश दिया गया।

अनुपस्थित मतदाताओं की फाइलों की भी करें समीक्षा
सुनवाई में अनुपस्थित रहने वाले मतदाताओं की फाइलों को लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता के अनुसार परिवार के सदस्य, ग्राम प्रधान, मुखिया अथवा स्थानीय माध्यमों से जानकारी प्राप्त कर सत्यापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया।
छूटे पात्र मतदाताओं से लें फॉर्म-6
डीईओ-सह-डीसी ने सभी मतदान केंद्रों से छूटे हुए पात्र एवं नए मतदाताओं के फॉर्म-6 प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर 2026 का लक्ष्य है कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल नहीं हो।
बैठक में ईआरओ गोमिया-सह-अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
