Bokaro: जिला प्रशासन, बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन और विस्थापित अप्रेंटिस संघ के बीच 19 सितंबर को होने वाली त्रिस्तरीय वार्ता स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 3 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे उपायुक्त बोकारो की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में होगी।

अनुपालन रिपोर्ट तैयार करने के लिए BSL ने मांगा था अतिरिक्त समय
जिला राजस्व शाखा की ओर से 18 सितंबर को जारी पत्र के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को हुई पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर BSL प्रबंधन को अभिलेखों के अवलोकन और आवश्यक सूचनाओं के संकलन के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत है।
BSL के मुख्य महाप्रबंधक की ओर से इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र भेजकर अतिरिक्त समय का अनुरोध किया गया था। इसके बाद 19 सितंबर को प्रस्तावित बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

17 अगस्त की बैठक के निर्देशों पर होगी चर्चा
3 अक्टूबर को होने वाली बैठक में जिला प्रशासन, BSL प्रबंधन और विस्थापित अप्रेंटिस संघ के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में 17 अगस्त को हुई वार्ता में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और BSL प्रबंधन से बैठक में पिछली बैठक के निर्देशों का अनुपालन प्रतिवेदन साथ लाने को कहा है। साथ ही, BSL प्रबंधन से ऐसे अधिकारियों को प्रतिनिधि के रूप में भेजने का अनुरोध किया गया है, जो आवश्यक निर्णय लेने के लिए अधिकृत हों।
कई विभागों के अधिकारी होंगे शामिल
बैठक के लिए पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, निदेशक परियोजना भूमि एवं पुनर्वास, अनुमंडल पदाधिकारी चास, डीएसपी मुख्यालय व सिटी, श्रम अधीक्षक, जिला नियोजन पदाधिकारी और अंचल अधिकारी चास समेत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई है।
बैठक में विस्थापित अप्रेंटिस संघ के अध्यक्ष को भी शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है। अब 3 अक्टूबर की बैठक में BSL प्रबंधन द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले अनुपालन प्रतिवेदन पर आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।
