Bokaro : कसमार थाना क्षेत्र के कमलापुर मध्य विद्यालय के समीप एनएच पर शुक्रवार सुबह चार वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो कार चालक घायल हो गए, जबकि दुर्घटना में शामिल चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से रेफरल अस्पताल जैनामोड़ भेजा गया। घायलों के सिर और हाथ में चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, कमलापुर के पास दो कारें एनएच से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहे हाइवा और एक अन्य कार के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद चारों वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलने पर कसमार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज गति या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
