Bokaro: 12वीं के बाद उच्च शिक्षा और बेहतर करियर का विकल्प चुनने में विद्यार्थियों की मदद के उद्देश्य से सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में करियर मेला 2026 का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, प्रवेश प्रक्रियाओं और करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।
मेडिकल से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक के विकल्पों की जानकारी
करियर मेले में विद्यार्थियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग, सिविल सेवा, प्रबंधन, वित्त एवं वाणिज्य, पत्रकारिता एवं जनसंचार, विधि, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मल्टीमीडिया, विजुअल आर्ट, कृषि एवं वानिकी, मार्केटिंग, डिजाइनिंग और फार्मेसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप करियर चुनने के लिए आवश्यक जानकारी भी दी गई।

देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों ने लगाए स्टॉल
एजुकेटर्स इंडिया के सहयोग से आयोजित इस मेले में रांची, देहरादून, पुणे, अमरावती, नोएडा, विशाखापत्तनम, हैदराबाद, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, नई दिल्ली, मुंबई, जयपुर, रायपुर, कोलकाता, गंगटोक और गुरुग्राम जैसे प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों के विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। विभिन्न संस्थानों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमों, प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। मेले में विद्यार्थियों के लिए मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध थी।

दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया गया उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने एजुकेटर्स इंडिया के संस्थापक सह निदेशक सुनील प्रजापति, ग्राफिक ईरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के उपमहाप्रबंधक (विपणन) विवेक श्रीवास्तव और बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी, ओडिशा के सहायक व्याख्याता डॉ. परिमल कुमार के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।
सही मार्गदर्शन से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव : डॉ. गंगवार
प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को सही दिशा देने में करियर मेले जैसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों की जानकारी रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सही समय पर उचित मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर सकते हैं तथा सफलता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में करियर मेले का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों को समय के अनुरूप करियर चुनने में मिलेगी मदद
मेले के सहयोगी सुनील प्रजापति ने विद्यार्थियों को बदलते शैक्षणिक और रोजगार परिदृश्य के अनुरूप करियर के विभिन्न आधुनिक विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने इस आयोजन के लिए डीपीएस बोकारो की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही समय पर अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद करते हैं। इससे उन्हें विभिन्न संस्थानों और पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ अपने करियर को लेकर बेहतर निर्णय लेने का अवसर मिलता है।
