Bokaro: दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए चास अनुमंडल प्रशासन ने अवैध पटाखा दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा ने सभी थाना प्रभारियों, ओपी प्रभारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध पटाखा दुकानों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी
प्रशासन के अनुसार, पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सड़कों के किनारे अनधिकृत रूप से पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाने से आगजनी और गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

संकीर्ण सड़कों पर दुकान लगाने की अनुमति नहीं
अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पटाखा बिक्री के लिए उपयुक्त स्थलों को चिह्नित करने को कहा है। साथ ही, संकीर्ण इलाकों में दुकानें नहीं लगाने देने का निर्देश दिया गया है, ताकि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों के आवागमन में बाधा न आए।

सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
पटाखा विक्रेताओं को विस्फोटक अधिनियम और अग्निशमन विभाग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कर संबंधित अधिकारियों को इसकी रिपोर्ट वायरलेस के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
सुरक्षित तरीके से मनाएं त्योहार
प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पटाखे खरीदने और उनका सुरक्षित उपयोग करने की अपील की है, ताकि दीपावली एवं छठ पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके।
