Bokaro: दीपावली के अवसर पर जिले के बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को आर्थिक राहत मिली है। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 40,227 लाभुकों को पेंशन राशि का भुगतान किया गया है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान करना और त्योहार की खुशियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।


30,681 बुजुर्गों को चार महीने की पेंशन
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 30,681 लाभुकों को अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक चार महीने की पेंशन राशि के भुगतान की प्रक्रिया एसएनए स्पर्श पोर्टल के माध्यम से पूरी कर ली गई है।
9,546 विधवा महिलाओं को पांच महीने की पेंशन
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 9,546 लाभुकों को अप्रैल 2026 से अगस्त 2026 तक पांच महीने की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है। दोनों योजनाओं को मिलाकर कुल 40,227 लाभुकों को इसका लाभ मिला है।

आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन को मिलेगा सहारा
प्रशासन के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन बुजुर्गों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार है। वहीं, विधवा महिलाओं के लिए यह आर्थिक आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। दीपावली के अवसर पर पेंशन राशि मिलने से लाभुकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ त्योहार मनाने में भी सहायता मिलेगी।
