Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के यूटिलिटीज विभाग में कार्यस्थल पर स्वच्छता, सुव्यवस्था और सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए ‘संगच्छध्वम् 2026’ पहल के तहत हाउसकीपिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य हाउसकीपिंग को सुरक्षा संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाते हुए कर्मचारियों में स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यस्थल के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना है।

यूटिलिटीज विभाग के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण
प्रतियोगिता के तहत मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज) ने विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में चयनित पोस्टों का निरीक्षण किया। इनमें सीईडी के मिल्स पोस्ट, एसीवीएस के सीसीपी-3, कंप्रेसर प्लांट, डब्ल्यूएमडी के पंपहाउस-4 और गैस यूटिलिटी के गैस फिलिंग स्टेशन शामिल रहे।
स्वच्छता और सामग्री रखरखाव का किया गया मूल्यांकन
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थलों की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था, सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव और सुरक्षा की दृष्टि से हाउसकीपिंग की स्थिति का जायजा लिया गया। निर्धारित मानदंडों के आधार पर सभी चयनित पोस्टों का मूल्यांकन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पोस्टों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

दुर्घटनाओं की रोकथाम में हाउसकीपिंग अहम
प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को स्वच्छता, सुव्यवस्था और सुरक्षित कार्य-पद्धतियों को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पहल का उद्देश्य यह संदेश देना है कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यस्थल बेहतर वातावरण के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम, जोखिम कम करने और मजबूत सुरक्षा संस्कृति के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
