Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के कोक ओवन एवं कोल केमिकल (COCC) विभाग में कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित कार्य पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में कोल टावर-4 की टीम ने प्रभावशाली सुरक्षा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।

अधिकारियों और कर्मियों ने देखा नुक्कड़ नाटक
कार्यक्रम में बीएसएल के अधिशासी निदेशक (संकार्य) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (COCC), मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और संविदा कर्मी मौजूद रहे। अधिशासी निदेशक ने नुक्कड़ नाटक का अवलोकन कर टीम के रचनात्मक प्रयास की सराहना की।
सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने पर जोर
अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने कहा कि इस तरह की सहभागी और रचनात्मक गतिविधियां कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी कर्मियों से निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं, मानकों और दिशा-निर्देशों का नियमित रूप से पालन करने का आह्वान किया।

‘सेफ्टी कैप्टन्स’ को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान ‘माई एरिया, माई रेस्पॉन्सिबिलिटी’ पहल के तहत विभिन्न जोन में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और नेतृत्वकारी भूमिका निभाने वाले ‘सेफ्टी कैप्टन्स’ को अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश
यह पहल कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ प्रत्येक कर्मी में व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सजगता की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।
