Bokaro : पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बोकारो में मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक चास, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अगस्त 2026 के दौरान दर्ज मामलों के निष्पादन, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, वारंट निष्पादन तथा जिले में अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की गई। पुलिस के अनुसार, अगस्त में कुल 248 मामले प्रतिवेदित हुए, जबकि 439 मामलों का निष्पादन किया गया।
निष्पादित मामलों में महिला अपराध से संबंधित 30, बलात्कार/पोक्सो के 12, एनडीपीएस एक्ट के 4, माइनिंग से जुड़े 13, एससी/एसटी के 5, नक्सली गतिविधियों से जुड़े 4, हत्या के 9, ठगी व जालसाजी के 36, साइबर अपराध के 3 तथा सड़क दुर्घटना के 45 मामले शामिल हैं। इसके अलावा गृहभेदन के 25, वाहन चोरी के 25, विविध चोरी के 33, अवैध शराब के 7 और छिनतई के 5 मामलों का भी निष्पादन किया गया।

186 आरोपियों के खिलाफ NBW एवं PW का निष्पादन
पुलिस ने जिले में कुल 186 अभियुक्तों के खिलाफ NBW एवं PW का निष्पादन किया, जबकि तीन मामलों में कुर्की की कार्रवाई की गई। अगस्त में पासपोर्ट से संबंधित 1,237 मामलों और चरित्र सत्यापन/ऑनलाइन चरित्र सत्यापन से जुड़े 1,763 मामलों का निष्पादन किया गया।
13 मामलों में 32 अपराधियों को सजा
पुलिस के अनुसार, बोकारो न्यायालय द्वारा 13 मामलों में कुल 32 अपराधियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई। इन मामलों में पोक्सो एक्ट, छेड़खानी, ठगी, मोटर दुर्घटना, जुआ अधिनियम, हत्या और गंभीर मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं, अगस्त में PG Portal से संबंधित 21 मामलों का भी निष्पादन किया गया। वर्तमान में इस पोर्टल से संबंधित कोई मामला लंबित नहीं है।
CEIR पोर्टल से 78 मोबाइल बरामद
बोकारो पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से अगस्त में 78 मोबाइल फोन बरामद किए। सत्यापन के बाद सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को संबंधित थाना/ओपी के माध्यम से सौंपे गए। पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 567 बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
2,995 वाहनों से 44.64 लाख रुपये का चालान
यातायात नियमों के पालन को लेकर भी अगस्त में विशेष अभियान चलाया गया। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने के लिए जिले के 14 स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,995 वाहनों से कुल 44 लाख 64 हजार 900 रुपये का चालान किया गया।
जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे CCTV कैमरों के माध्यम से यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।
गणेश चतुर्थी को लेकर सुरक्षा के निर्देश
मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को Dial-112 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, प्राप्त शिकायतों पर समय पर कार्रवाई करने, साइबर अपराध के मामलों का तेजी से निष्पादन करने, अड्डाबाजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई, फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
