बोकारो: उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार को बालीडीह थाना क्षेत्र के गायत्री नगर में नकली विदेशी शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर चारदीवारी से घिरे एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार विदेशी शराब, स्पिरिट, रंगीन शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

मकान में चल रहा था नकली शराब का कारोबार
सहायक आयुक्त उत्पाद, बोकारो के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गायत्री नगर स्थित मकान में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां विभिन्न ब्रांड के नाम पर विदेशी शराब तैयार करने और उसकी पैकिंग से जुड़ी सामग्री मिली। मौके से शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले स्टीकर, ढक्कन और खाली बोतलों के साथ बोतलों पर पंचिंग करने वाली मशीन भी बरामद हुई।
207 लीटर से अधिक तैयार विदेशी शराब बरामद
उत्पाद विभाग के अनुसार छापेमारी में रॉयल गोल्ड व्हिस्की की 750 एमएल वाली 150 बोतलें, ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 750 एमएल वाली 80 बोतलें, रॉयल स्टैग की 180 एमएल वाली 96 बोतलें और मैकडॉवेल्स नंबर-1 की 180 एमएल वाली 96 बोतलें बरामद की गईं। इनकी कुल मात्रा 207.06 लीटर बताई गई है।

इसके अलावा छह जर्किन में कुल 120 लीटर स्पिरिट और सात जर्किन में 140 लीटर तैयार रंगीन शराब बरामद की गई। विभाग ने विभिन्न ब्रांडों के भारी मात्रा में स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें और एक पंचिंग मशीन भी जब्त की है।
धनबाद का आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
कार्रवाई के दौरान कतरास थाना क्षेत्र, धनबाद निवासी अजय अग्रवाल, पिता मोहन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। विभाग के अनुसार उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, इस मामले में विकाश चंद्रा नामक एक अन्य आरोपी मौके से फरार मिला। उसके खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग की टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी दल में प्रशिक्षु निरीक्षक उत्पाद विनय कुमार सिंह, सदर अंचल के अवर निरीक्षक उत्पाद अमित कुमार गुप्ता, चंद्रपुरा सह बेरमो अंचल के अवर निरीक्षक उत्पाद मंजूर आलम अंसारी, अवर निरीक्षक उत्पाद जॉय हेंब्रम सहित अधीनस्थ उत्पाद बल के जवान शामिल थे।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।
