Bokaro: चंदनकियारी के छोटे से विस्थापित गांव धानडबरा से निकलकर बोकारो स्टील प्लांट के स्कूल में पढ़ाई करने वाले प्रवीण कुमार राय ने अब अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। Public Enterprises Selection Board (PESB) ने 21 सितंबर 2026 को हुई चयन प्रक्रिया के बाद उन्हें Steel Authority of India Limited (SAIL) के Director (Finance) पद के लिए अनुशंसित किया है। एक साधारण परिवार से शुरू हुआ उनका सफर अब देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी के शीर्ष प्रबंधन तक पहुंचने की कहानी बन गया है।
BSL स्कूल से पढ़ाई
प्रवीण कुमार राय ने अपनी स्कूली शिक्षा बोकारो स्टील प्लांट के BSL +2 स्कूल, सेक्टर-11 और 8 से पूरी की। बोकारो की जमीन पर पढ़ाई करते हुए शुरू हुआ उनका सफर धीरे-धीरे उन्हें SAIL के शीर्ष प्रबंधन तक ले गया। स्कूली शिक्षा के बाद भी सीखने का सिलसिला नहीं रुका। उन्होंने कॉस्टिंग सहित वित्त से जुड़े उच्च अध्ययन और प्रोफेशनल योग्यताएं हासिल कीं। नौकरी के दौरान भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और वित्तीय प्रबंधन तथा अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी नई जानकारियां हासिल करने पर लगातार जोर दिया।

BSL विस्थापन से SAIL नेतृत्व तक
बीएसएल के लिए धानडबरा में जमीन अधिग्रहण के बाद प्रवीण कुमार राय के परिवार को पुनर्वास के तहत सेल (SAIL) की ओर से चास प्रखंड के कांड्रा में जमीन दी गई थी। हालांकि, बाद में उनका परिवार कांड्रा से हटकर चंदनकियारी प्रखंड के साबड़ा गांव में आकर बस गया। यहीं से प्रवीण कुमार राय के जीवन की वह कहानी शुरू हुई, जो आगे चलकर BSL स्कूल से SAIL के शीर्ष प्रबंधन तक पहुंची।

BSL से शुरू हुआ करियर
प्रवीण कुमार राय ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत बोकारो स्टील प्लांट से की। उन्होंने नॉन एग्जीक्यूटिव (S 3 ) से अपने करियर की शुरुआत SAIL में की थी। इसके बाद उन्होंने भद्रावती स्टील प्लांट में भी सेवा दी। वर्ष 2001 में वह फिर बोकारो स्टील प्लांट से जुड़े और जूनियर मैनेजर (फाइनेंस) के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली। एक पद से दूसरे पद और एक जिम्मेदारी से दूसरी जिम्मेदारी तक बढ़ते हुए उन्होंने वित्तीय प्रबंधन, कॉस्टिंग, फंड मैनेजमेंट और रियल एस्टेट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम किया।
10 अधिकारियों में हुआ इंटरव्यू
PESB की 21 सितंबर 2026 की बैठक में SAIL के Director (Finance) पद के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसके लिए SAIL और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों से जुड़े 10 अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया। चयन प्रक्रिया के बाद PESB ने प्रवीण कुमार के नाम की Director (Finance), SAIL के पद के लिए अनुशंसा की।
चंदनक्यारी के साबड़ा गांव में खुशी
प्रवीण कुमार राय की उपलब्धि की खबर से उनके साबड़ा में खुशी का माहौल है। बोकारो के सेक्टर-4G स्थित उनके पिता के आवास पर भी शुभचिंतकों के पहुंचने और मिठाई बांटे जाने की जानकारी है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
प्रवीण कुमार राय की यात्रा का संदेश सीधा है- शुरुआत साधारण हो सकती है, लेकिन मेहनत और सीखने की इच्छा मंजिल को असाधारण बना सकती है। धानडबरा गांव से बोकारो, BSL स्कूल से स्टील प्लांट और जूनियर मैनेजर से SAIL के Director (Finance) पद तक का यह सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने का साहस रखते हैं।

“प्रवीण कुमार राय की यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार या धानडबरा, साबड़ा गांव की खुशी नहीं है, बल्कि पूरे बोकारो परिवार के लिए गर्व का क्षण है। BSL स्कूल से शुरू हुआ उनका सफर आज SAIL के शीर्ष प्रबंधन तक पहुंचा है। यह उनकी मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना का परिणाम है। हमें विश्वास है कि वह आगे भी बोकारो और SAIL का नाम रोशन करेंगे। उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।” – अजय कुमार पांडे, वाइस चेयरमैन एवं महासचिव, SEFI तथा बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन (BSOA)
