Bokaro: बोकारो के सीसीएल करगली परियोजना क्षेत्र में कोयला चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सीआईएसएफ का सघन जांच एवं निगरानी अभियान जारी है। कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर बीएंडके एवं ढोरी एरिया के प्रमुख मार्गों, खासकर कारो मोड़, हिन्दुस्तान पुल और जरंगडीह रोड पर वाहनों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्तान पुल और कारो एक्सकैवेशन से कोयला बरामद
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान हिन्दुस्तान पुल पर नाकाबंदी कर 3.695 टन तथा कारो एक्सकैवेशन के पीछे के क्षेत्र से 1.910 टन अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद किया गया। इस तरह कुल 5.605 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।
एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए सीसीएल को सौंपा
जब्त कोयले को एमएमडीआर एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया। सीआईएसएफ द्वारा अभियान के दौरान ड्रोन सर्विलांस और छापेमारी के जरिए भी अवैध कोयला गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया जा रहा जागरूक
अवैध खनन, कोयले के अवैध भंडारण और परिवहन के कानूनी दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सीआईएसएफ की ओर से नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से एमएमडीआर एक्ट के प्रावधानों की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा सघन अभियान
सीआईएसएफ के अनुसार अवैध कोयला गतिविधियों के खिलाफ जांच, निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान में सहायक कमांडेंट धनंजय कुमार पाण्डेय, इंस्पेक्टर रवि रंजन, सब-इंस्पेक्टर आरके सरोज, संतोष तिवारी, क्यूआरटी टीम, आसूचनाकर्मी समेत अन्य जवान शामिल रहे।
