Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में संसाधन संरक्षण, लागत अनुकूलन और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाइड्रोलिक ऑयल की खपत कम करने और उसके संरक्षण के लिए संयंत्र-व्यापी अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में तकनीकी सेल विभाग के अर्धदिवसीय सेमिनार के बाद एसएमएस-न्यू विभाग में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी सेल) एवं मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-न्यू) उपस्थित रहे।

लीकेज रोकने और ऑयल के पुनर्प्रयोग पर जोर
सत्र में तकनीकी सेल विभाग की ओर से तकनीकी प्रस्तुति के माध्यम से हाइड्रोलिक ऑयल के विवेकपूर्ण उपयोग, लीकेज की त्वरित रोकथाम और परिचालन सतर्कता पर जानकारी दी गई। साथ ही रखरखाव के दौरान निकलने वाले प्रयुक्त ऑयल के उचित संग्रहण और पुनर्प्रयोग के महत्व को भी बताया गया।
ऑयल खपत कम करने का आह्वान
अधिकारियों ने कर्मियों से हाइड्रोलिक प्रणालियों की विश्वसनीयता बनाए रखते हुए ऑयल की खपत में सुनियोजित कमी लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रयुक्त ऑयल के बेहतर संग्रहण एवं रीजेनेरेशन से नए ऑयल की आवश्यकता और उत्पादन लागत कम करने के साथ पर्यावरणीय प्रभावों को भी घटाया जा सकता है।

अन्य विभागों में भी होंगे जागरूकता सत्र
आगामी 7 से 10 दिनों में हाइड्रोलिक ऑयल का उपयोग करने वाले अन्य प्रमुख विभागों में भी ऐसे जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। यह पहल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, जिम्मेदार रखरखाव और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने की दिशा में बीएसएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
